जालंधर में फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट पर
जालंधर में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सोमवार सुबह करीब 8 बजे जैसे ही स्कूल खुले, शहर के कुछ बड़े स्कूलों को ई-मेल के जरिए धमकी भेजी गई। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और पुलिस प्रशासन में तुरंत अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
धमकी भरे ई-मेल में डीपीएस स्कूल, मेयर वर्ल्ड स्कूल और एमजीएन स्कूल को निशाना बनाया गया। ई-मेल में आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए लिखा गया – “अपने बच्चों को बचाओ…”, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीमें तुरंत स्कूलों में पहुंचीं और पूरे परिसर की गहन जांच शुरू की गई। सुरक्षा के लिहाज से स्कूलों में चेकिंग की गई, बच्चों और स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। कुछ स्कूलों में अभिभावकों को भी सूचना देकर बच्चों को वापस घर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल जांच जारी है और ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साइबर सेल की टीम भी इस मामले की जांच में जुट गई है ताकि पता लगाया जा सके कि ई-मेल कहां से भेजा गया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी जालंधर के स्कूलों को कई बार इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन ज्यादातर मामलों में ये धमकियां झूठी निकली थीं। फिर भी पुलिस किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती और हर बार पूरी गंभीरता से जांच की जाती है।
फिलहाल पुलिस अलर्ट पर है और स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क जरूर रहें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।





