पंजाब विधानसभा में पेश किए गए बजट में महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की गई है। राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने लगभग 2.60 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश करते हुए महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का ऐलान किया।
बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि यह बजट पंजाब की माताओं और बेटियों को समर्पित है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
इस बजट की सबसे चर्चित घोषणा महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की योजना रही। जैसे ही यह घोषणा की गई, अमृतसर जिले के राजासांसी इलाके में महिलाओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
राजासांसी के एक कम्युनिटी सेंटर में बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित होकर बजट का लाइव प्रसारण देख रही थीं। जैसे ही महिलाओं के लिए मासिक सहायता की घोषणा हुई, वहां मौजूद महिलाओं ने खुशी जाहिर की।
महिलाओं का कहना है कि यह योजना उनके लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है। कई महिलाओं ने कहा कि पहले उन्हें छोटे-मोटे खर्चों के लिए भी अपने परिवार पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब सरकार की इस सहायता से वे अपने खर्च खुद संभाल सकेंगी।
सरकार ने अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के लिए 1500 रुपये प्रति माह देने की भी घोषणा की है। महिलाओं का कहना है कि यह योजना समाज के कमजोर वर्गों के लिए काफी मददगार साबित हो सकती है।
ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि यदि यह योजना सही तरीके से लागू होती है तो इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। इसके साथ ही वे परिवार के खर्चों में भी योगदान दे सकेंगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
