₹50 की राजश्री लॉटरी ने बदली किस्मत: बरनाला के व्यक्ति को 30 लाख का इनाम, लेकिन विजेता अभी तक लापता

PUNJAB

राजश्री लॉटरी 30 लाख, बरनाला लॉटरी विजेता, 50 रुपये लॉटरी 30 लाख, राजश्री मंथली लॉटरी, बरनाला लॉटरी एजेंट

 

कहते हैं जब किस्मत मेहरबान होती है तो इंसान की जिंदगी पल भर में बदल सकती है। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला पंजाब के बरनाला शहर से सामने आया है, जहां महज 50 रुपये की राजश्री मंथली लॉटरी टिकट ने एक व्यक्ति को 30 लाख रुपये का मालिक बना दिया। हालांकि हैरानी की बात यह है कि इतना बड़ा इनाम जीतने वाला व्यक्ति अभी तक सामने नहीं आया है और उसकी तलाश लगातार जारी है।

जानकारी के अनुसार यह लॉटरी टिकट बरनाला रेलवे स्टेशन के पास पिछले करीब 25 वर्षों से लॉटरी बेच रहे एजेंट जय शंकर द्वारा बेची गई थी। 26 फरवरी को घोषित की गई राजश्री मंथली लॉटरी के नतीजों में बरनाला के इस टिकट ने पहला स्थान हासिल किया और 30 लाख रुपये का बड़ा इनाम जीता। बताया जा रहा है कि करीब 5 लाख टिकटों में से यह टिकट नंबर पहले स्थान पर आया है।

लॉटरी का परिणाम घोषित होने के बाद से ही लॉटरी एजेंट जय शंकर और राजश्री लॉटरी कंपनी की टीम विजेता को ढूंढने में लगी हुई है। विजेता तक सूचना पहुंचाने के लिए बाजारों में स्पीकर के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट किए जा रहे हैं। लॉटरी स्टॉल को भी सजाया गया है और वहां ढोल बजाकर खुशी मनाई जा रही है ताकि जब विजेता सामने आए तो उसका भव्य स्वागत किया जा सके।

इस संबंध में जानकारी देते हुए लुधियाना से पहुंचे राजश्री लॉटरी कंपनी के मैनेजर राज कुमार वर्मा ने बताया कि 26 फरवरी को निकली मासिक लॉटरी में बरनाला के इस टिकट ने 30 लाख रुपये का पहला इनाम जीता है। लेकिन कई दिनों से विजेता की तलाश की जा रही है और सोशल मीडिया के जरिए भी उसे खोजने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि लॉटरी जीतने वाले व्यक्ति को एक महीने के अंदर अपनी इनामी राशि क्लेम करनी होती है। यदि तय समय के भीतर विजेता सामने नहीं आता तो यह राशि सरकारी खाते में जमा कर दी जाती है।

इस दौरान राजश्री लॉटरी कंपनी की टीम ने बरनाला पहुंचकर लॉटरी एजेंट जय शंकर को सम्मानित भी किया। उन्हें कमीशन के तौर पर एक लाख रुपये का चेक दिया गया। खुशी के इस मौके पर ढोल बजाकर जश्न मनाया गया, केक काटा गया और लोगों में लड्डू बांटे गए। लॉटरी एजेंट जय शंकर ने बताया कि वे पिछले 25 सालों से बरनाला रेलवे स्टेशन के बाहर लॉटरी टिकट बेच रहे हैं और पहले भी उनके बेचे टिकटों पर 5 लाख रुपये तक के इनाम निकल चुके हैं, लेकिन 30 लाख का यह इनाम उनके लिए बेहद खास है।

उन्होंने अपील की है कि 30 लाख रुपये जीतने वाला व्यक्ति जल्द से जल्द सामने आए और अपनी जीती हुई राशि अपने बैंक खाते में प्राप्त करे। वहीं राजश्री लॉटरी कंपनी ने यह भी घोषणा की है कि बैसाखी के मौके पर विशेष लॉटरी के तहत मर्सिडीज कार का इनाम भी निकाला जाएगा, जिससे किसी भी व्यक्ति की किस्मत चमक सकती है।

फिलहाल पूरे बरनाला में इस लॉटरी की चर्चा हो रही है और सभी की नजरें उस भाग्यशाली व्यक्ति पर टिकी हुई हैं जिसने 50 रुपये की टिकट से 30 लाख रुपये जीत लिए हैं। अब देखना यह होगा कि आखिर वह विजेता कब सामने आता है और कब उसकी किस्मत का यह बड़ा इनाम उसे मिल पाता है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *