गुरदासपुर में ओवरलोड ई-रिक्शा के कारण बड़ा हादसा टल गया, जब सवारियों से भरा एक ई-रिक्शा असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया। यह घटना गुरदासपुर से पुराने शाला की ओर जाने वाले मार्ग पर नए बस स्टैंड पुल के पास हुई। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा में क्षमता से अधिक सवारियां बैठी हुई थीं और पीछे लंबा सामान भी लदा हुआ था, जिसके कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और ई-रिक्शा को सीधा करवाया।
मामले पर ट्रैफिक इंचार्ज सतनाम सिंह ने कहा कि कई ई-रिक्शा चालक अधिक कमाई के लालच में नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे न केवल उनकी बल्कि यात्रियों और अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ओवरलोड और ओवरलेंथ ई-रिक्शा चलाना गैरकानूनी है और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सतनाम सिंह ने यह भी कहा कि जब पुलिस चालान काटती है तो कुछ लोग यह आरोप लगाते हैं कि गरीबों को परेशान किया जा रहा है, लेकिन सवाल यह है कि यदि नियमों का पालन नहीं कराया गया तो सड़क हादसों को कैसे रोका जाएगा? उन्होंने चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाएं।
ट्रैफिक पुलिस ने चेतावनी दी है कि आगे भी ऐसे ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा ताकि शहर में सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
