जालंधर के बस्ती शेख इलाके में पतंग की डोर से घर की तीसरी मंज़िल पर आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग लगने के समय घर में दो बच्चे मौजूद थे, जो लपटों में फंस गए। बाहर निकलते समय एक युवती के बाल झुलस गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, नौ साल का बच्चा छत पर पतंग उड़ा रहा था। उसने पतंग की डोर को जलाने की कोशिश की, तभी चिंगारी पास रखे लकड़ी के सामान पर गिर गई और आग तेजी से फैल गई। तेज हवाओं के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया।
इस दौरान घर में मौजूद भाई-बहन आग में घिर गए। लड़के ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी बहन को कमरे से बाहर निकाला, लेकिन बाहर आते समय उसके बाल जल गए। धुआं देखकर पड़ोसियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने दो गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक घर का काफी सामान जलकर राख हो चुका था।
पीड़िता सिमरन ने बताया कि वह अपनी सास की दवाई लेने अस्पताल गई हुई थी और घर में बच्चे अकेले थे। फायर अधिकारी नरेश कुमार ने पुष्टि की कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आग बुझा दी गई।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
