राजपुरा में पीआरटीसी के कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवरों और कंडक्टरों की हड़ताल का सीधा असर यातायात व्यवस्था पर पड़ा है। दोपहर बाद से सरकारी बसों का संचालन ठप होने के कारण राजपुरा के मॉडर्न बस स्टैंड, गगन चौक और अंबाला रूट पर यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से कम वेतन पर काम कर रहे हैं और सरकार से नियमितीकरण व वेतन बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया। इसी के विरोध में उन्होंने बस सेवा बंद कर दी।
बसें न चलने से अंबाला, लुधियाना, चंडीगढ़ और पटियाला जाने वाले यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें पहले से हड़ताल की सूचना नहीं दी गई थी, जिससे वे परेशान हुए। कुछ महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि आधार कार्ड दिखाने के बावजूद कुछ बस चालक बस नहीं रोक रहे थे।
लुधियाना जाने वाले यात्री गुरविंदर सिंह बंटू ने कहा कि अचानक बस सेवा बंद होने से आम जनता को भारी परेशानी हो रही है। वहीं रिक्शा चालक फौजा सिंह ने बताया कि बसें न चलने से उनकी रोज़ी-रोटी भी प्रभावित हुई है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने पंजाब सरकार से जल्द समाधान निकालने और बस सेवा बहाल करने की अपील की है।


