बजट को लेकर अमन अरोड़ा का बयान: केंद्र से पंजाब के साथ भेदभाव न करने की अपील
पटियाला।
आगामी केंद्रीय बजट को लेकर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पंजाब के अधिकारों की जोरदार वकालत की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अब तक पंजाब का आरडीएफ (RDF – Rural Development Fund) जारी नहीं किया है, जो राज्य के साथ अन्याय है।
अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब एक कृषि प्रधान राज्य है और आरडीएफ फंड किसानों, मंडियों और ग्रामीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। इसके बावजूद लंबे समय से यह राशि रोकी गई है, जिससे राज्य की विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पंजाब को उसके हक से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
केंद्रीय बजट को लेकर उम्मीद जताते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि इस बार केंद्र सरकार पंजाब के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करेगी। उन्होंने मांग की कि आगामी बजट में केंद्र सरकार “बजट का पिटारा” खोलते हुए पंजाब को उसका पूरा हक दे।
उन्होंने आगे कहा कि बजट बनाते समय पंजाब के किसानों, आम जनता और राज्य के समग्र विकास को ध्यान में रखा जाना चाहिए। केंद्र को सकारात्मक और न्यायसंगत निर्णय लेते हुए पंजाब की आर्थिक मजबूती के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
अमन अरोड़ा ने यह भी कहा कि पंजाब देश की खाद्य सुरक्षा में अहम भूमिका निभाता है, ऐसे में राज्य के साथ वित्तीय स्तर पर कोई भेदभाव न केवल अनुचित बल्कि देशहित के खिलाफ भी है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि वह राजनीति से ऊपर उठकर पंजाब के हित में फैसला ले।


