नूंह मेवात में दर्दनाक घटना: मां ने तीन बेटियों के साथ कुएं में लगाई छलांग, चारों की मौत
हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के गांव बदोपुर में एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ कथित रूप से कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर कोई इस घटना को लेकर स्तब्ध नजर आया।
जानकारी के अनुसार मृतक महिला की पहचान साहिला (28) पत्नी शाहिद के रूप में हुई है। उसकी तीन बेटियां अक्सा (7), सानोफिया (4) और छह महीने की एक मासूम बच्ची भी इस दर्दनाक घटना का शिकार हो गईं। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के चलते महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक साहिला और उसके पति शाहिद के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था। बताया गया है कि साहिला ने अपने कुछ जेवर अपने पिता हनीफ को दे दिए थे, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था। इसी वजह से परिवार में तनाव का माहौल बना हुआ था।
कुछ दिन पहले ही महिला अपने मायके से ससुराल वापस आई थी। रविवार शाम को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि रोजा इफ्तारी के समय महिला अपनी तीनों बेटियों को लेकर गांव के एक कुएं के पास पहुंची और वहां से छलांग लगा दी।
घटना का पता चलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। गोताखोरों को बुलाया गया जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद चारों को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
फिरोजपुर झिरका थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अल-आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा भेज दिया गया है। मृतका के परिजनों को भी इस घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी भयावह घटना उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। मासूम बच्चों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।


